मंडल के सबसे बड़े स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय के चिकित्सकों की मनमानी पर अस्पताल प्रशासन अंकुश नहीं लगा पा रहा है। इस भीषण गर्मी में विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की अस्पताल में भीड़ लगी है तो वहीं 29 डाक्टर गर्मी की छुट्टी मनाने नैनीताल और मसूरी चले गए हैं। सबसे ज्यादा मनमानी तो उन चिकित्सकों की है, जो बिना बताए नदारद रहते हैं।
अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर तीन जून को एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो आठ चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। पिछले दिनों इसी अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा मरीज से मारपीट का आरोप लगाया था, जिसको लेकर हाई कोर्ट अधिवक्ता सड़क पर उतर आए थे। इसको लेकर कई दिनों तक माहौल खराब था।









